वेरावल- बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरे विस्तारित : टिकटों की बुकिंग 23 सितम्बर से


पश्चिम रेलवे द्वारा आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए वेरावल–बांद्रा टर्मिनस-वेरावल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरों को संशोधित कोच संरचना के साथ विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय से यात्रियों को आगामी अवधि में भी सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलता रहेगा।
राजकोट मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सुनील कुमार मीना के अनुसार ट्रेन संख्या 09017 बांद्रा टर्मिनस–वेरावल साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक रविवार को 04 अक्टूबर से 29 नवंबर, 2026 तक संचालित होगी। इस अवधि में ट्रेन के कुल 09 अतिरिक्त फेरे होंगे, जिनकी संचालन तिथियां 04, 11, 18 एवं 25 अक्टूबर तथा 01, 08, 15, 22 एवं 29 नवंबर, 2026 हैं।
इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 09018 वेरावल–बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक स्पेशल प्रत्येक सोमवार को 05 अक्टूबर से 30 नवंबर, 2026 तक संचालित होगी। इस ट्रेन के भी कुल 09 अतिरिक्त फेरे होंगे, जिनकी संचालन तिथियां 05, 12, 19 एवं 26 अक्टूबर तथा 02, 09, 16, 23 एवं 30 नवंबर, 2026 हैं।
संशोधित कोच संरचना के अनुसार इस ट्रेन में कुल 22 आईसीएफ कोच होंगे। इनमें 03 एसी 3-टियर, 15 स्लीपर श्रेणी, 02 सामान्य द्वितीय श्रेणी (जनरल कोच) तथा 02 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। ट्रेन के जनरल एवं SLRD कोच अनारक्षित रूप से संचालित किए जाएंगे।
ट्रेन संख्या 09017 एवं 09018 के विस्तारित फेरों के लिए आरक्षण की सुविधा 23 सितंबर, 2026 को प्रातः 08:00 बजे से सभी यात्री आरक्षण केंद्रों (PRS) तथा IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।
ट्रेनों के ठहराव के समय और संरचना के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए यात्री कृपया http://www.enquiry.indianrail.gov.in पर जाकर अवलोकन कर सकते हैं।